जीरो-डोज़ टीकाकरण अभियान को गति देने को धर्मगुरुओं व प्रभावशाली व्यक्तियों ने की चर्चा
बीकानेर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। बीकानेर शहरी क्षेत्र में नियमित टीकाकरण को सुदृढ़ करने तथा जीरो-डोज़ बच्चों की पहचान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से समाज सेवी संस्था दिशा के तत्वावधान में टी.बी. क्लीनिक, बीकानेर के प्रशिक्षण भवन में धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य समुदाय में टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि समय पर टीकाकरण बच्चों को गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अनिवार्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने की। अन्य प्रतिभागियों में डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. अनुरोध तिवारी, जिला क्षय निवारण अधिकारी डॉ. सी.एस. मोदी, राजीविका डीएम कुंज बिहारी, मणिशंकर हर्ष, प्रियंका चौधरी, एसबीआई आरसीटी समन्वयक कपिल पुरोहित तथा जेएसआई जिला समन्वयक अनूप पायल शामिल रहे।
डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने ब्लॉक में जीरो-डोज़ बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ने की रणनीति पर प्रकाश डाला। डॉ. अनुरोध तिवारी ने कहा कि धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों की सकारात्मक पहल से समाज में विश्वास का वातावरण बनता है, जिससे टीकाकरण अभियान को नई गति मिलती है। डॉ. सी.एस. मोदी ने टीकाकरण से रोके जा सकने वाले रोगों की जानकारी देते हुए अभिभावकों को जागरूक करने का आह्वान किया।
दिशा आरसीडीएसएसएस अजमेर की ओर से जिला समन्वयक सलमान खान, ब्लॉक समन्वयक मैना, रोहित पालीवाल, शिव शंकर, मो. साजिद एवं सुनील वैष्णव ने जीरो-डोज़ बच्चों की पहचान, ट्रैकिंग एवं समुदाय स्तर पर संवाद रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही। पंडित सुरेश पारीक, पंडित नितेश गहलोत, हाजी जाकिर खान, पंडित नरेंद्र राजपुरोहित तथा गुरुद्वारा साहिब से पाठी लवप्रीत सिंह, रविंद्र सिंह, दलजीत सिंह एवं दिलबाग सिंह ने अपने-अपने क्षेत्रों में टीकाकरण को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक सलमान खान ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समुदाय में नियमित टीकाकरण के समर्थन हेतु सतत सहयोग का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

