युवाओं ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश: आईआईआईएम से सिटी पार्क तक निकली बाइक रैली

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश: आईआईआईएम से सिटी पार्क तक निकली बाइक रैली


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स एंड मैनेजमेंट टेक्निकल कैंपस में ‘आर.आई.डी.ई.- लचीलापन, ईमानदारी, अनुशासन और सहनशक्ति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘रेजिलिएंस इन माइंड, रिस्पॉन्सिबिलिटी ऑन द रोड’ थीम पर हुए कार्यक्रम में जीवन की चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने और सड़क पर जिम्मेदार एवं सुरक्षित व्यवहार का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पैनल चर्चा के साथ रोड-सेफ्टी बाइक रैली भी आयोजित हुई।

‘लचीलापन-जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से अनुभव, चुनौतियां और सीख’ विषय पर हुई पैनल चर्चा में डॉ. नरेश गोयल, मोहम्मद मुजाहिद कुरैशी, विजय बत्रा, विक्रांत कपूर, कर्नल रमन दहदा, राकेश सिंह राठौड़, श्वेता दहदा और डॉ. दीपम शर्मा ने अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक अनुभव साझा किए। विशेषज्ञों ने कहा कि चुनौतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। दृढ़ता, ईमानदारी, अनुशासन और धैर्य को व्यक्तिगत विकास के साथ जिम्मेदार सामाजिक व्यवहार के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के अगले चरण में राइडर्स के लिए रोड-सेफ्टी एवं राइडर ब्रीफिंग हुई। इसमें हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित मार्ग पर अनुशासन और सुरक्षित राइडिंग के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। फ्लैग-ऑफ के बाद बाइक रैली इंटरनेशनल स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स एंड मैनेजमेंट टेक्निकल कैंपस से रवाना होकर मध्यम मार्ग होते हुए सिटी पार्क पहुंची। रैली में इंडियन मेवरिक राइडर्स के राइडर्स के साथ आईआईआईएम के विद्यार्थियों और एलुमनी ने भी भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story