बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत


जयपुर, 16 मई (हि.स.)। गलता गेट थाना पुलिस क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी मामूली घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को राउंडअप कर लिया है।

थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि हादसे में रामगंज स्थित फूटा खुर्रा निवासी मोहम्मद रईस (21) पुत्र मुमताज अली की मौत हो गई। जो शुक्रवार देर रात अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से गलता गेट से घर लौट रहा था।

पुलिस के अनुसार धोबी घाट से निकलते समय पंजाब नंबर की एक बस के चालक ने स्कूटी को ड्राइवर साइड से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान आगे मोड़ आने पर चालक ने बस को घुमाया, जिससे स्कूटी बस के टायर और डिवाइडर के बीच आ गई। हादसे में मोहम्मद रईस गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्कूटी पर सवार उसके दो साथियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले में बस को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story