किसी की कठपुतली नहीं बनेंगे युवा, देश की ताकत हैं नई पीढ़ी : गजेंद्र सिंह शेखावत
जोधपुर, 07 जून (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत का युवा किसी की कठपुतली नहीं था, न है और न कभी बनेगा। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और केंद्र सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
जोधपुर सर्किट हाउस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है। केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाओं ने लाखों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर दिया है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर शेखावत ने कहा कि यह किसी सरकार की इच्छा का परिणाम नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक संकट का प्रभाव है।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जबकि भारत में सरकार ने लगातार राहत देने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने संसाधनों का उपयोग कर यह सुनिश्चित किया है कि वैश्विक संकट का पूरा बोझ आम जनता पर न पड़े।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अंडमान-निकोबार दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि राष्ट्रीय संस्कृति और विरासत पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें संस्कृति का मूल भाव समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विषयों पर जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ विचार व्यक्त किए जाने चाहिए।
पश्चिम बंगाल की राजनीति और कथित हॉर्स ट्रेडिंग के मुद्दे पर शेखावत ने कहा कि जब जनता ने भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट जनादेश दिया है तो ऐसी स्थिति में खरीद-फरोख्त की आवश्यकता ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समय-समय पर पुराने राजनीतिक मुद्दों को फिर से उठाकर चर्चा में लाने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस नेतृत्व द्वारा सचिन पायलट को नई जिम्मेदारी देने की चर्चा होती है, तब ऐसे मुद्दे सामने आने लगते हैं। शेखावत ने अशोक गहलोत के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें विधायकों को धन देने के आरोप लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि को भ्रष्टाचार की जानकारी थी तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस विषय पर जनता के सामने स्पष्ट स्थिति रखी जानी चाहिए।
जोधपुर में स्वतंत्रता सेनानी फतहराज कल्ला की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना पर शेखावत ने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कल्ला पूरे क्षेत्र के सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी हैं और उनकी प्रतिमा को शीघ्र पुनः स्थापित किया जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने अपने जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में जनसुनवाई भी की। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना एक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। इसी भावना के साथ वे नियमित रूप से लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क और जनसुनवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

