दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में जयपुर में युवाओं ने किया विरोध— प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में जयपुर में युवाओं ने किया विरोध— प्रदर्शन


जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जयपुर के खासा कोठी सर्किल पर सामाजिक संगठनों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सुमित्रा चौपड़ा ने कहा कि देश का युवा रोजगार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहा है, लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने पर दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

किसान नेता संजय माधव ने कहा कि युवा और किसान दोनों अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है। युवा हितांश आजाद ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से वर्षों की मेहनत, समय और संसाधन व्यर्थ हो जाते हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story