भावी युवा पीढ़ी ही देश के लोकतंत्र का आधार, युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण होना चाहिए : जेठानंद व्यास

WhatsApp Channel Join Now
भावी युवा पीढ़ी ही देश के लोकतंत्र का आधार, युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण होना चाहिए : जेठानंद व्यास


बीकानेर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशनानुसार राजकीय डूंगर महाविद्यालय में 1 अक्टूबर, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा मतदाताओं को चुनाव आयोग की वेबसाइट एवं ऑफलाइन प्रपत्र के माध्यम से पंजीकृत किया गया ।

इस कार्यक्रम में युवा मतदाताओं ने उमंग एवं उत्साह के साथ भागीदारी निभाई ।

इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण होना चाहिए। भावी युवा पीढ़ी ही देश के लोकतंत्र का आधार है । युवाओं स्वस्थ लोकतंत्र में अपनी मजबूती से भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के इस अभियान को युवाओं को प्रत्येक युवा तक पहुंचाना सुनिश्चित करना चाहिए । युवा ही राष्ट्र के कर्णधार है । उनके अमूल्य योगदान से ही देश में स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा कायम रह सकती है । युवाओं को न केवल इस अभियान में बढ़-चढ़ कर भागीदारी करनी चाहिए अपितु समाज के प्रत्येक वर्ग तक इस अभियान को पहुंचाना चाहिए।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रेरणा माहेश्वरी ने युवा शक्ति को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की इस थीम “कोई भी मतदाता पीछे न छूटे” की तर्ज पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अधिकाधिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण करवाना चाहिए।

इस अवसर पर क्षेत्र के बीएलओ अरविंद जैन एवं रामकुमार रंगा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन - ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया।

युवा मतदाताओं ने पूर्ण उमंग एवं उत्साह के साथ इस पंजीकरण अभियान में भाग लिया। इस कार्यक्रम में डॉ. मैना निर्वाण, डॉ. निर्मल कुमार रांकावत एवं अनेक संकाय सदस्य तथा अनेक युवा मतदाता उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story