नीलिया महादेव के कुंड में डूबने से 15 साल के किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नीलिया महादेव के कुंड में डूबने से 15 साल के किशोर की मौत


चित्तौड़गढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले में दूर-दराज से पर्यटकों की भीड़ रविवार का अवकाश होने के दौरान नीलिया महादेव पहुंची थी। इसी दौरान नहाते समय डूबने से चंदेरिया के एक 15 साल के किशोर की कुंड में डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद बस्सी थाना पुलिस ने जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया।

बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर ने बताया कि बस्सी इलाके में प्रसिद्ध झरना निलिया महादेव है। यहां बरसात के दौरान पिकनिक मनाने काफी लोग आते हैं। रविवार का अवकाश होने के कारण काफी लोग झरने पर पहुंचे थे। यहां चंदेरिया से आधा दर्जन से अधिक युवक नीलिया महादेव घूमने आए थे और कुंड में स्नान कर रहे थे। इसी बीच रवि (15) पुत्र राजू रेगर, निवासी चंदेरिया भी नहाने के लिए साथियों के साथ पानी में उतरा। काफी देर तक वह ऊपर नहीं आया। दोस्तों ने तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद बस्सी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर स्थानीय लोगों ने प्रयास किया लेकिन किशार का पता नहीं चला

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। कुंड काफी गहरा होने के कारण चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। टीम ने घंटों मशक्कत कर किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला।

मौके पर सिविल डिफेंस टीम के कैलाशचन्द्र वैष्णव, रतन लाल भोई, मुकेश भोई, रमेश भोई, रामलाल भोई, नारायणलाल भोई, मदनलाल भोई, चैनराम भोई, मंगनीराम भोई, राजमल भोई

रतनलाल भोई, तरुण पालीवाल, भैरूलाल धोबी, शाहरुख़ खान मेवाती, गोटूलाल गाडरी, रतनलाल भोई, भैरूलाल भोई की टीम ने शव को तलाश किया।

रवि के दोस्त नीलिया महादेव आ रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था। इस पर दोस्तों ने रवि को पेट्रोल लेकर बुलाया। पेट्रोल देने आया रवि भी दोस्तों के साथ झरने पर आ गया और नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। मौके पर सूचना मिलने के बाद मृतक का बड़ा भाई भी पहुंच गया। शव को बस्सी उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मुकेश गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और करीब 2 घंटे तक स्थिति का जायजा लेते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story