थ्रेसर से कटकर युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
थ्रेसर से कटकर युवक की मौत


झुंझुनू, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में गेहूं की फसल निकालते समय एक युवक थ्रेसर मशीन में फंस गया। सिर की तरफ से आधी बॉडी मशीन के अंदर चली गई और टुकड़े-टुकड़े हो गए। लोगों ने दौड़कर ट्रैक्टर को बंद किया। मशीन के पुर्जों में बुरी तरह फंसे शव को करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार विकास उर्फ कालू निवासी नूलिया गोठड़ा (चिड़ावा थाना) गांव का रहने वाला था। वह घर से पास ही के गांव बास में शुक्रवार सुबह गेहूं की फसल निकलवाने गया था। फसल निकालते समय बैलेंस बिगड़ने से युवक सिर की तरफ से गेहूं के साथ थ्रेसर मशीन के अंदर चला गया। मौके पर खड़े लोगों ने दौड़कर मशीन को बंद कर दिया। तब तक युवक की आधी बॉडी अंदर फंस चुकी थी और शव के टुकड़े-टुकड़े हो चुके थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बगड़ थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शव निकालने में दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। शरीर मशीन के पुर्जों में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने शव को बगड़ के सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिवार के अनुसार विकास की शादी नहीं हुई थी। वह खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार में सहयोग कर रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

Share this story