हाइफा हाउस समिट में गूंजा युवा संवाद का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
हाइफा हाउस समिट में गूंजा युवा संवाद का संदेश


जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने युवाओं से निरंतर संवाद बनाए रखने, अपनी जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने भविष्य की राह चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संवाद केवल विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण आधार भी है।

देवनानी शुक्रवार को आईआईएचएमआर विश्वविद्यालय में विश्वम की ओर से आयोजित हाइफा हाउस समिट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता, नवाचार, सामाजिक सरोकार तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन युवाओं को नए विचारों और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। शिक्षा के साथ युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होनी चाहिए। युवा अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए करें।

उन्होंने कहा कि संवाद, सह-अस्तित्व और सामाजिक सहभागिता भारतीय परंपरा के महत्वपूर्ण मूल्य रहे हैं, जिन्हें आधुनिक ज्ञान, तकनीक और नवाचार के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है।

विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखते रहने और आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, विचारों के आदान-प्रदान और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण केंद्र है।

समिट में भारत में इजरायल के उप राजदूत फारेस साएब ने भारत और इजरायल के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर विचार रखे। जनप्रतिनिधियों, राजनयिकों, शिक्षाविदों और युवा प्रतिभाओं ने दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। विश्वम के विक्रांत सिंह ने आभार व्यक्त किया।

इससे पहले उप राजदूत फारेस साएब ने राजस्थान विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार मुलाकात की।

दोनों के बीच भारत-इजरायल संबंधों, लोकतांत्रिक परंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को लेकर चर्चा हुई। देवनानी ने उप राजदूत का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया और विधानसभा का स्मृति चिह्न भेंट किया।

उप राजदूत ने विधानसभा भवन, सदन और डिजिटल संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय में राजस्थान विधानसभा के गठन से लेकर अब तक की संसदीय यात्रा, महत्वपूर्ण घटनाओं और विधायी कार्यों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

संग्रहालय की प्रस्तुति और तकनीकी स्वरूप की सराहना करते हुए साएब ने इसे ‘अद्भुत और ज्ञानवर्धक’ बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं के इतिहास और कार्यप्रणाली को आमजन तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह प्रभावी माध्यम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story