पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, हंगामे के बाद बिगड़ी तबीयत; जहर खाने की बात कहकर तोड़ा दम

WhatsApp Channel Join Now
पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, हंगामे के बाद बिगड़ी तबीयत; जहर खाने की बात कहकर तोड़ा दम


पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, हंगामे के बाद बिगड़ी तबीयत; जहर खाने की बात कहकर तोड़ा दम


कोटा, 13 जुलाई (हि.स.)। शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पहले शराब के नशे में ससुराल पहुंचकर हंगामा करता रहा, लेकिन कुछ देर बाद उसने परिजनों को बताया कि वह पहले ही जहर खाकर आया है। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चेचट थाना क्षेत्र के खनी गांव निवासी पप्पू लाल (31) के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि पप्पू अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके बाद उसकी पत्नी दो बच्चों को लेकर मायके बोराबास स्थित भेरूपुरा भील बस्ती आ गई थी, जबकि दो बच्चे पिता के पास ही रह गए थे।

आरकेपुरम थाना के एएसआई लक्ष्मी नारायण ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे पप्पू लाल बच्चों के कहने पर पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। वह शराब के नशे में था और वहां पहुंचते ही हंगामा करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान उसने ससुराल पक्ष के लोगों को बताया कि वह पहले ही जहर खाकर आया है। उसने अपनी जेब से जहर की शीशी भी निकालकर दिखाई। इसके बाद उसे गंभीर हालत में न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के पिता मोहन लाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक के जहर खाने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story