सिरे मंदिर धाम पहुंचे योगी आदित्यनाथ, मंदिर की 375वीं वर्षगांठ पर धार्मिक कार्यक्रम में लेंगे भाग

WhatsApp Channel Join Now
सिरे मंदिर धाम पहुंचे योगी आदित्यनाथ, मंदिर की 375वीं वर्षगांठ पर धार्मिक कार्यक्रम में लेंगे भाग


जालोर, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हेलीकॉप्टर से जालोर पहुंचे। वे सिरे मंदिर मार्ग स्थित शांतिनाथ बालिका आदर्श स्कूल के मैदान में उतरे, जहां विद्यालय भवन का निरीक्षण करने के साथ कार्यकर्ताओं और आमजन से भी रूबरू हुए।

जालोर जिले के सिरे मंदिर धाम में स्थित प्राचीन रतनेश्वर महादेव मंदिर की 375वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर गोरखपुर पीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे हैं। आयोजन समिति के व्यवस्थापक पारसमल परमार के अनुसार सिरे मंदिर धाम के प्राचीन आराध्य रत्नेश्वर महादेव मंदिर की 375वीं वर्षगांठ पर यह विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम का आयोजन भेरुनाथ अखाड़े के महंत पीर गंगानाथ महाराज के सानिध्य में हो रहा है, जिसमें देशभर से संत-महंत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

सिरे मंदिर की तलहटी में पहुंचकर योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन पीर शांतिनाथ महाराज की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की। सिरे मंदिर धाम पहुंचकर उन्होंने देवी-देवताओं और पीर शांतिनाथ महाराज की समाधि के दर्शन किए तथा पीर गंगानाथ महाराज से भेंट कर देश में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ सिरे मंदिर धाम में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। 16 मार्च को सुबह 6:30 बजे योगी आदित्यनाथ रत्नेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर महायज्ञ की पूर्णाहुति देंगे। इसके बाद सिरे मंदिर धाम स्थित कन्यागिरी प्रांगण में सुबह 10 बजे आयोजित धर्मसभा को संबोधित करेंगे। धर्मसभा के समापन के बाद योगी आदित्यनाथ सुबह 11:50 बजे हेलिपेड पहुंचेंगे।

यहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और वहां से उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्थान करेंगे।

कार्यक्रम को लेकर सिरे मंदिर धाम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा संत-महंतों के सानिध्य में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story