मुख्यमंत्री ने योगासन खिलाडिय़ों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने योगासन खिलाडिय़ों का किया सम्मान


जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयोजित योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम में राजस्थान के योगासन खिलाडिय़ों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ जयपुर में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

योगासन जोधपुर के अध्यक्ष जयवर्धन सिंह उचियारड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद में संपन्न प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप तथा दिल्ली में आयोजित द्वितीय एशियन योगासन चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। विश्व योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले जोधपुर के अंतरराष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी अर्जुन परिहार एवं ऋतिक बिश्नोई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं एशियन योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता व जोधपुर के अंतरराष्ट्रीय योगासन खिलाडिय़ों में लेखिका चौधरी, अंजली बिश्नोई, पवन मुथा, अर्जुन परिहार, ऋतिक बिश्नोई, उज्ज्वल को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर उपरोक्त खिलाडिय़ों के साथ परिणीति बिश्नोई को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में खिलाडिय़ों के प्रशिक्षक गजराज सिंह शेखावत एवं यशदीप सिंह कच्छवाहा के योगदान की भी मुख्यमंत्री द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से योगासन को राजस्थान की खेल सूची में शामिल करने की मांग भी रखी।

उन्होंने कहा कि इससे राज्य के योगासन खिलाडिय़ों को अन्य राज्यों की भांति सरकारी नौकरियों, छात्रवृत्तियों एवं विभिन्न खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ मिल सकेगा तथा प्रदेश में योगासन खेल को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story