योग फॉर हेल्दी एजिंग का संदेश लेकर निकली एनआईए की योग रैली

WhatsApp Channel Join Now
योग फॉर हेल्दी एजिंग का संदेश लेकर निकली एनआईए की योग रैली


योग फॉर हेल्दी एजिंग का संदेश लेकर निकली एनआईए की योग रैली


जयपुर, 19 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर ने शुक्रवार को ज़ुम्बा एवं योग रैली निकालकर आमजन को स्वस्थ जीवनशैली और निरोगी जीवन का संदेश दिया। संस्थान परिसर से बड़ी चौपड़ तक आयोजित रैली का नेतृत्व कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने किया, जिसमें चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रोफेसर शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय के 100-दिवसीय काउंटडाउन अभियान के अंतर्गत एनआईए ने देशभर में 30 से अधिक योग, स्वास्थ्य और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। भारतीय सेना, वायुसेना, नौसेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, रेलवे और विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी योग एवं तनाव प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि संस्थान में आमजन और रोगियों के लिए नियमित नि:शुल्क योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। योग को स्वस्थ वृद्धावस्था, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए एनआईए प्रतिबद्ध है।

स्वस्थवृत्त एवं योग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दुर्गावती देवी ने बताया कि 21 जून को जयपुर के ऐतिहासिक जंतर-मंतर में राज्य स्तरीय सामूहिक योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन एनआईए की विशेष टीम वायुसेना स्टेशन जयपुर में भी योग सत्र आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनआईए में अध्ययनरत 18 देशों के 74 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की सहभागिता होगी। नेपाल, थाईलैंड, ब्राजील, फ्रांस, अमेरिका, श्रीलंका सहित विभिन्न देशों के विद्यार्थी जंतर-मंतर से योग, आयुर्वेद और वैश्विक स्वास्थ्य का संदेश देंगे। यह सहभागिता ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करते हुए योग और आयुर्वेद की वैश्विक स्वीकार्यता को भी प्रदर्शित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story