योग दिवस से पहले जयपुर में योग का उत्साह: रैली और सामूहिक अभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन के तहत शुक्रवार को राजधानी जयपुर में योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वैशाली नगर स्थित नर्सरी पार्क में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ, वहीं पतंजलि किसान सेवा समिति, उत्थान सेवा संस्थान एवं गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल योग जागृति वाहन रैली निकाली गई।
वैशाली नगर के नर्सरी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने योग साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
योगाचार्य अभिषेक के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग गुरु रवि कामरा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन प्रवीण यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि नर्सरी पार्क परिवार पिछले 12 वर्षों से नियमित रूप से योगाभ्यास का आयोजन कर रहा है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट योगाभ्यास करने वाले साधकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुरुषोत्तम जिंदल, आशा, डॉ. सुनील गुप्ता, राजेंद्र जैन, करतार सिंह, अशोक राजोरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
इधर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी से योग जागृति वाहन रैली निकाली गई। रैली को आरएएस अंजू गोयल, कर्नल जगदीश चंद्र, कैप्टन भंवर सिंह एवं गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के व्यवस्थापक मनु महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में 115 दोपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार योग साधकों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। करो योग, रहो निरोग और योग अपनाओ, रोग भगाओ जैसे नारों के साथ रैली दादी का फाटक होते हुए मुरलीपुरा स्थित माताजी मंदिर पहुंची। यहां प्रतिभागियों ने शहीद हिम्मत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके पिता किशोर सिंह शेखावत का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
रैली का संचालन कर रहे कैप्टन शीशराम चौधरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है। रैली के माध्यम से नागरिकों को 21 जून को एसएमएस स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय योग कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया गया।
उत्थान सेवा संस्थान के सचिव शिवानंद त्रिपाठी ने बताया कि मार्ग में कई स्थानों पर योग साधकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। रैली का समापन दादी का फाटक स्थित विकास नगर योग कक्षा में हुआ, जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ, जागरूक और निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

