योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ मनाया जाएगा योग दिवस

WhatsApp Channel Join Now
योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ मनाया जाएगा योग दिवस


जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा तथा होम्योपैथी (आयुष) विभाग के निर्देशानुसार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जोधपुर में जिला स्तरीय मुख्य समारोह सम्राट अशोक उद्यान परिसर में आयोजित किया जाएगा।

उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजू नागर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा मुख्य कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास भी सम्राट अशोक उद्यान में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय एवं हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से 14 जून को प्रात: 6.15 बजे से 7.35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। यह सत्र आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित होगा, जिसमें अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. नागर ने बताया कि ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 18003157008 पर पंजीकरण कराना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत डिवाइस से स्वयं लॉग-इन कर योग सत्र में शामिल होना आवश्यक रहेगा। उन्होंने आमजन से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story