राजस्थान के सात जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अलवर में ओलावृष्टि
जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में अक्टूबर का आखिरी सप्ताह चलने के बावजूद मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं दिन में गर्मी का असर बरकरार है, तो कहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम में ठंडक घोल दी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सात जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 12.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो इस मौसम में पहली बार 13 डिग्री से नीचे मापा गया।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर जिलों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला। दोपहर बाद दौसा, सीकर, भरतपुर, जयपुर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अलवर में आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कुछ इलाकों में भी ओले गिरने की सूचना है।
प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, फलोदी, सीकर, अलवर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने से यह प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा।
प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में रात के समय सर्दी का असर बढ़ने लगा है।
उदयपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस और भीलवाड़ा में 15.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। चित्तौड़गढ़ और राजसमंद क्षेत्र में भी हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद रातें अपेक्षाकृत ठंडी होने लगी हैं।
दूसरी ओर, माउंट आबू में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। शुक्रवार रात यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। तापमान में आई इस गिरावट के साथ पर्वतीय क्षेत्र में सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर और जयपुर संभाग के क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके बाद 25 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

