विश्व रेबीज सप्ताह 28 सितंबर से: टीकाकरण और आमजन को जागरूक करने के लिए चलाया जाएगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
विश्व रेबीज सप्ताह 28 सितंबर से: टीकाकरण और आमजन को जागरूक करने के लिए चलाया जाएगा अभियान


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक विश्व रेबीज सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम मजबूत साथ, सुरक्षित भविष्य रखी गई है। जयपुर द्वितीय जिले में रेबीज की रोकथाम, कुत्तों के टीकाकरण और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि रेबीज गंभीर और जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर उपचार और टीकाकरण से इससे बचाव संभव है। अभियान के दौरान चिकित्सा संस्थानों में लोगों को रेबीज के लक्षण, बचाव के उपाय और कुत्ते या किसी संदिग्ध पशु के काटने पर तत्काल की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। चिकित्सा अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अभियान के तहत जिले में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यालयों में विद्यार्थियों को कुत्तों से सुरक्षित व्यवहार, काटने से बचाव और तत्काल चिकित्सा सहायता लेने के बारे में बताया जाएगा। घरेलू एवं आवारा कुत्तों के टीकाकरण के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान रेबीज के संदिग्ध मामलों की पहचान, निगरानी और नियंत्रण गतिविधियों पर भी जोर रहेगा। रेबीज मामलों और टीकाकरण से जुड़े आंकड़ों का नियमित संकलन एवं विश्लेषण किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य संदेशों का मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story