विश्व जनसंख्या दिवस पर जिलेभर में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
11 से 18 जुलाई तक परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जन्म अंतराल पर होंगे कार्यक्रम
जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से 18 जुलाई तक जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य संदेश जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल रहेगा। इस दौरान योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जोधपुर प्रथम) डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत एवं (जोधपुर द्वितीय) डॉ. जितेंद्र सिंह चारण ने बताया कि अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा आमजन की सहभागिता से जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में परिवार कल्याण से संबंधित साधनों एवं सेवाओं की जानकारी देकर लोगों को छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व से अवगत कराया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. रामनिवास सेंवर ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन परामर्श सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही सभी केंद्रों पर आवश्यक गर्भनिरोधक साधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योग्य दंपतियों को सहज और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

