विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू उत्पादों की होली जलाई
जयपुर, 31 मई (हि.स.)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को आमेर रोड स्थित जल महल पर तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तंबाकू उत्पादों की प्रतीकात्मक होली जलाई गई। इस दौरान “तंबाकू छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” का संदेश देते हुए लोगों से तंबाकू और नशे से दूर रहने की अपील की गई।
इस कार्यक्रम में भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि तंबाकू का बढ़ता सेवन विशेष रूप से युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है, जिसके कारण कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आईएआरसी) की ग्लोबोकैन-2022 रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2022 में देश में कैंसर के 14.13 लाख नए मामले सामने आए, जबकि 9.16 लाख लोगों की मौत हुई। इनमें मुंह एवं ओरल कैविटी कैंसर के 1.43 लाख से अधिक नए मामले दर्ज हुए और करीब 80 हजार लोगों की जान गई।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि यदि तंबाकू सेवन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में मुंह के कैंसर के मामलों में और वृद्धि हो सकती है। उन्होंने लोगों से तंबाकू और इससे बने सभी उत्पादों से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जय भारत जन चेतना मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष विक्रम सिंह तंवर ने कहा कि तंबाकू केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से लगभग 20 प्रकार के कैंसर होने की आशंका रहती है। इसके अलावा हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियां और श्वसन संबंधी कई गंभीर समस्याएं भी तंबाकू से जुड़ी हुई हैं।
तंवर ने कहा कि तंबाकू उत्पादों से सरकार को मिलने वाले कर की तुलना में तंबाकू जनित बीमारियों के उपचार पर कहीं अधिक खर्च करना पड़ता है। इसलिए यह स्वास्थ्य और आर्थिक दोनों दृष्टि से देश के लिए नुकसानदायक है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और आमजन को तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहने तथा लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही भविष्य में भी जन जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

