विश्व मलेरिया दिवस पर जयपुर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और जांच अभियान

WhatsApp Channel Join Now
विश्व मलेरिया दिवस पर जयपुर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और जांच अभियान


विश्व मलेरिया दिवस पर जयपुर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और जांच अभियान


जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जयपुर जिले में विभिन्न जन जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (बीसीएमओ) और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार विश्व मलेरिया दिवस के तहत विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें। इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम “मलेरिया को खत्म करने का संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” निर्धारित की गई है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेंद्र कुमार गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जिलेभर में बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच के लिए ब्लड स्लाइड एकत्रित की जाएंगी, ताकि मलेरिया की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

इसके साथ ही आमजन को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा संस्थानों में लार्वा का प्रदर्शन कर लोगों को मच्छरों की उत्पत्ति, जीवनचक्र और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों में मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बीमारी की रोकथाम के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं, ताकि मलेरिया को जड़ से समाप्त करने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story