वैश्विक बौद्धिक संपदा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम 27 अप्रैल को, स्टार्टअप्स दिखाएंगे नवाचार

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक बौद्धिक संपदा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम 27 अप्रैल को, स्टार्टअप्स दिखाएंगे नवाचार


जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उच्च शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार द्वारा पीएम-उषा योजना के अंतर्गत 27 अप्रैल को वैश्विक बौद्धिक संपदा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंस के एकेडमिक ब्लॉक में आयोजित होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा होंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से जुड़े स्टार्टअप्स अपने नवाचार, उत्पाद एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही एक विशेष स्टार्टअप प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं को नए विचारों और तकनीकी नवाचारों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं नवप्रवर्तकों को बौद्धिक संपदा अधिकार, स्टार्टअप संस्कृति, कौशल विकास और नवाचार आधारित उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना है। इससे राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलने के साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार सृजन की दिशा में अग्रसर करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story