आफरी ने मनाया विश्व वानिकी दिवस का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
आफरी ने मनाया विश्व वानिकी दिवस का आयोजन


जोधपुर, 21 मार्च (हि.स.)। शुष्क वन अनुसंधान संस्थान (आफरी) जोधपुर की ओर से गुरुवार को पी.एम.श्री रा.उ.मा.विद्यालय परिसर में विश्व वानिकी दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर आफरी के निदेशक एम आर बालोच ने खेजडी बलिदान की घटना का जिक्र करते हुए वृक्ष संरक्षण की महत्ता को बताया। उन्होंने वृक्ष संरक्षण को अनिवार्य बताते हुए आफरी द्वारा प्रयोग में ली जाने वाली उन्नत तकनीकों का वन एवं नवाचार में उपयोग पर प्रकाश डाला।

जिला शिक्षा अधिकारी सीमा शर्मा ने वन एवं पर्यावरण संवर्द्धन के लिए परस्पर पर्यावरण जागरूकता ज्ञान के आदान प्रदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शुद्ध हवा, वर्षा जल और भोजन के सह सम्बन्ध को वृक्षारोपण द्वारा सुधारा जा सकता है।

प्राचार्य किशोर कुमार ने हरियाली को जीवन अमृत बताते हुए विद्यार्थियों को एक वृक्ष प्रति वर्ष लगाने का संकल्प दिलाया। उप प्राचार्य महोदया ने जल संरक्षण को वन संरक्षण का आधार बताया। कार्यक्रम के आरम्भ में पौधारोपण किया गया तत्पश्चात् मुख्य अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ प्रदान कर किया गया। डॉ. तरूण कान्त समूह समन्वयक (शोध) आफरी ने पौधरोपण एवं संरक्षण को सतत् विकास का आधार बताया। कार्यक्रम में आफरी लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया एवं इसमें आफरी के वैज्ञानिक एवं अधिकारियों ने तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगणों ने भाग लिया। डॉ. संगीता सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक आफरी ने कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/ईश्वर

Share this story