विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर कोटा स्टेशन पर खाद्य स्टॉलों एवं ट्रॉलियों के विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर कोटा स्टेशन पर खाद्य स्टॉलों एवं ट्रॉलियों के विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश


काेटा, 07 जून (हि.स.)। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर कोटा रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल के चिकित्सा एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्टेशन पर संचालित खाद्य स्टॉलों एवं ट्रॉलियों के विक्रेताओं को यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में बताया गया कि इस वर्ष विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस का विषय समस्या से समाधान की ओर — हर जगह सुरक्षित भोजन है। इसका उद्देश्य खाद्यजनित बीमारियों की रोकथाम तथा सभी लोगों तक सुरक्षित भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अधिकारियों ने बताया कि दूषित भोजन स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका एवं अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, जबकि उचित सावधानियों के माध्यम से ऐसी समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार मीणा ने विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों एवं यात्रियों के स्वास्थ्य के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी खाद्य सामग्री को समाचार पत्र में लपेटकर अथवा रखकर यात्रियों को नहीं दिया जाना चाहिए। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा इस पर प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि समाचार पत्रों की स्याही में मौजूद रासायनिक तत्व भोजन को दूषित कर सकते हैं तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकते हैं। विशेष रूप से गर्म एवं तैलीय खाद्य पदार्थों में यह जोखिम अधिक बढ़ जाता है।

कार्यक्रम में विक्रेताओं को अपने हाथों एवं नाखूनों की नियमित सफाई रखने, खाद्य सामग्री को सदैव ढककर रखने, स्वच्छ बर्तनों का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं पैकिंग में स्वच्छ एवं मानक सामग्री का ही प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि खाद्य सामग्री रखने, परोसने अथवा पैक करने के लिए समाचार पत्र का उपयोग पूर्णतः निषिद्ध है।

इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) विकास गुप्ता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ओ.पी. राठौर, चिकित्सा स्वास्थ्य निरीक्षक विष्णु कुमार शर्मा, मुख्य टिकट निरीक्षक विपुल जैन, पुरुषोत्तम मीणा सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story