विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होंगे जयपुरवासी

WhatsApp Channel Join Now
विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होंगे जयपुरवासी


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन (केडब्ल्यूए) की ओर से 5 जून (शुक्रवार) को जल महल पर जयपुर क्लीन ड्राइव 2026 का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार प्रातः 6:30 बजे से शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक रजत जैन ने बताया कि क्लीन जयपुर,ग्रीन जयपुर थीम पर आधारित इस अभियान में शहर के नागरिक, विद्यार्थी, परिवार, पेशेवर वर्ग और स्वयंसेवक एक साथ भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। जयपुर की पहचान और गौरव का प्रतीक जल महल इस अभियान का मुख्य केंद्र रहेगा।

इस अभियान के दौरान प्रतिभागी स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेंगे तथा आमजन को सार्वजनिक स्थलों, जल स्रोतों और विरासत स्थलों के संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में दीर्घकालिक पर्यावरणीय चेतना और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

जैन ने बताया कि जयपुर क्लीन ड्राइव 2026 को जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है,ताकि प्रत्येक नागरिक अपने शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित हो सके।

वहीं अभियान के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) भवेंद्र सिंह ने बताया कि यह पहल नागरिकों, विद्यार्थियों, परिवारों और स्वयंसेवकों को एक साझा उद्देश्य के लिए एक मंच पर लाएगी। उन्होंने जयपुर वासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा शहर की विरासत और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम तथा जनजागरूकता प्रयास आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन ने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सामुदायिक समूहों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान में भाग लेकर स्वच्छ, हरित और सुंदर जयपुर के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story