विश्व स्तनपान सप्ताह : इंटर-स्टाफ पोस्टर प्रतियोगिता और विशेषज्ञों की पैनल चर्चा से दिया स्तनपान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्तनपान सप्ताह : इंटर-स्टाफ पोस्टर प्रतियोगिता और विशेषज्ञों की पैनल चर्चा से दिया स्तनपान का संदेश


जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, जयपुर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सप्ताहभर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का आयोजन नियोनेटोलॉजी विभाग के कंसल्टेंट डॉ. श्याम सुंदर शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत इंटर-स्टाफ पोस्टर प्रतियोगिता से हुई। इसमें अस्पताल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने स्तनपान के महत्व, नवजात के पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों को रचनात्मक पोस्टर्स के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में सिमरन शर्मा ने प्रथम, श्वेता दिनेश ने द्वितीय और सोनूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।

6 अगस्त को समापन समारोह में क्विज प्रतियोगिता और विशेषज्ञों की पैनल चर्चा आयोजित की गई। इस दौरान प्रतिभागियों को गिफ्ट हैम्पर्स भी दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को स्तनपान से जुड़ी नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के साथ समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।

पैनल चर्चा में डॉ. शालू कक्कड़, डॉ. स्मिता वैद, डॉ. मनीला नैणावत, डॉ. संजय चौधरी और डॉ. ऋचा मित्तल ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना और जीवन के पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देना उसके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और संक्रमण का खतरा कम होता है। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी मदद मिलती है।

डॉ. श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि स्तनपान नवजात के लिए पहला और संपूर्ण आहार है। इसे बढ़ावा देना केवल चिकित्सकों की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है। ऐसी गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि वे हर नई मां को स्तनपान के संबंध में सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन दे सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story