नारी शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने गिनाईं महिला कल्याण की उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने गिनाईं महिला कल्याण की उपलब्धियां


जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार हैं। महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। मातृशक्ति की प्रतिबद्धता, परिश्रम और सामूहिक शक्ति से राजस्थान को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम राज्य बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सम्मान दिया गया है। मां दुर्गा, मां सरस्वती और मां लक्ष्मी के रूप में शक्ति, ज्ञान और समृद्धि की प्रतीक महिलाओं की पूजा की जाती है। उन्होंने देवी अहिल्याबाई होलकर, रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले, मीराबाई, पन्नाधाय, हाड़ी रानी, कालीबाई और अमृता देवी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महिलाओं के साहस, त्याग और समर्पण की गाथाएं आज भी समाज को प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की महिला कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, लखपति दीदी और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ने महिलाओं के जीवन को आसान बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि बढ़ाकर 6,500 रुपये की गई है। मां वाउचर योजना के तहत सोनोग्राफी के लिए 5 लाख 74 हजार कूपन जारी किए जा चुके हैं। पात्र परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 13 लाख 85 हजार साइकिलें तथा विभिन्न छात्रा स्कूटी योजनाओं के तहत करीब 46 हजार स्कूटियां वितरित की गई हैं। मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना में करीब 19 लाख पेंशनर्स को 8,866 करोड़ रुपये की पेंशन राशि दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत गरीब परिवारों में बालिका के जन्म पर डेढ़ लाख रुपये का बचत बांड दिया जा रहा है। वहीं, राज्य की 1 करोड़ 22 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रतिमाह 12 सैनिटरी नैपकिन निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लखपति दीदी योजना के तहत 26 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और करीब 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी की श्रेणी में आ चुकी हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 60 एम्बुलेंस, 9 आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर और 185 ऑटो टिपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने लखपति दीदियों को स्कूटी की चाबियां सौंपी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को मकानों की चाबियां प्रदान कीं। 27 हजार से अधिक लाभार्थियों को 150 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत 29 हजार 222 लाभार्थियों को 8.79 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से दी गई।

राजस्थान महिला निधि के मुख्यमंत्री लखपति दीदी ऋण योजना के तहत 3,274 लखपति दीदियों को 25 करोड़ रुपये तथा 2,823 स्वयं सहायता समूहों को 93 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसके अलावा 3,300 स्वयं सहायता समूहों को आजीविका संवर्धन के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, महेंद्रपाल मीणा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story