महिला सुरक्षा संकल्प अभियान: राजस्थान पुलिस ने 7 हजार 834 बुजुर्ग महिलाओं व दंपत्तियों से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान: राजस्थान पुलिस ने 7 हजार 834 बुजुर्ग महिलाओं व दंपत्तियों से की मुलाकात


जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे 'महिला सुरक्षा संकल्प' अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में 7 हजार 834 एकल बुजुर्ग महिलाओं और अकेले रह रहे बुजुर्ग दंपत्तियों के घर पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया। पुलिस अधिकारियों और थाना स्तर के पुलिसकर्मियों ने उनका कुशलक्षेम जाना, समस्याएं सुनीं और हर परिस्थिति में पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इस अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा 112, 1930 और 1090 हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। जिलेवार आंकड़ों में करौली (960) में सबसे अधिक बुजुर्गों से संपर्क किया गया, जबकि जोधपुर शहर पश्चिम, सवाई माधोपुर, अजमेर, बाड़मेर, बालोतरा, भीवाड़ी, खैरथल-तिजारा, कोटा ग्रामीण सहित सभी जिलों में पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर संवाद किया।

इस अभियान के दौरान कई मानवीय उदाहरण भी सामने आए। उदयपुर में पुलिस अधीक्षक ने अकेली बुजुर्ग महिला को संपत्ति संबंधी कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उनका भय दूर किया। वहीं एक सेवानिवृत्त कर्नल दंपती ने बिना शिकायत पुलिस के घर पहुंचने पर इस पहल की सराहना की। धौलपुर में पुलिस ने काउंसलिंग कर एक बुजुर्ग को दोबारा परिवार से मिलाया, जबकि झालावाड़ में वरिष्ठ नागरिक शिकायत रजिस्टर के माध्यम से नियमित फॉलोअप की व्यवस्था की गई है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियान जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story