महिला सुरक्षा संकल्प' अभियान के तहत प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
महिला सुरक्षा संकल्प' अभियान के तहत प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे **'महिला सुरक्षा संकल्प'** अभियान के तहत प्रदेशभर में रविवार को व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जागरूकता रैलियों, संवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।

अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षकों ने महिला पुलिसकर्मियों, महिला बीट अधिकारियों और कालिका पेट्रोलिंग टीम के साथ संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और सुझावों पर चर्चा की। महिला सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए गए। इसके बाद प्रदेशभर में जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राओं, सुरक्षा सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राजीविका समूह की महिलाओं, एएनएम, आशा सहयोगिनियों, साथिनों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां एवं बैनर लेकर मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया। कई जिलों में पैदल रैलियां निकाली गईं, जबकि कुछ स्थानों पर वाहन रैलियों के माध्यम से जनसंपर्क किया गया।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस जनसहभागिता के माध्यम से महिला सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार प्रभावी गतिविधियां आयोजित कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story