राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार: जयपुर में नौ मार्च को महिला जनसुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार: जयपुर में नौ मार्च को महिला जनसुनवाई


राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार: जयपुर में नौ मार्च को महिला जनसुनवाई


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से नौ मार्च को जयपुर में ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर स्वयं उपस्थित रहकर महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई करेंगी।

यह जनसुनवाई सोमवार को सुबह 11 बजे से राजस्थान पुलिस अकादमी के बैठक कक्ष में आयोजित होगी।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से जुड़ी विभिन्न प्रकार की शिकायतों जैसे पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति विवाद और अन्य सामाजिक समस्याओं पर सुनवाई कर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जिला कलक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी ने कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहें और महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और समन्वय के लिए अरुण कुमार (उपखण्ड अधिकारी, जयपुर दक्षिण) को समग्र प्रभारी बनाया गया है।

उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, शिकायतों के संकलन और उनके समाधान की प्रक्रिया को सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि जिन महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है, वे इस जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी बात सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रख सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story