राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार: जयपुर में होगी महिला जनसुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार: जयपुर में होगी महिला जनसुनवाई


जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सोमवार को जयपुर में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर स्वयं उपस्थित रहकर महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई करेंगी।

जिला प्रशासन के अनुसार जनसुनवाई सोमवार को सुबह 11 बजे राजस्थान पुलिस अकादमी के बैठक कक्ष में आयोजित होगी। इस दौरान महिलाओं से संबंधित पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति संबंधी विवाद सहित अन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई कर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहें और महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं के लिए उपखण्ड अधिकारी जयपुर दक्षिण अरुण कुमार को समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, शिकायतों के संकलन और उनके त्वरित निस्तारण के लिए समन्वय करेंगे।

जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि जिन महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है, वे जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत कर सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का शीघ्र व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story