गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की प्रार्थना करने 15 मई को अयोध्या जाएंगी मातृ शक्ति

WhatsApp Channel Join Now
गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की प्रार्थना करने 15 मई को अयोध्या जाएंगी मातृ शक्ति


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। सनातन संस्कृति, गो संरक्षण और नारी शक्ति के संदेश के साथ जयपुर से 151 महिलाओं की श्री अयोध्या धाम महिला श्रद्धा यात्रा 15 मई को रवाना होगी।

अखिल भारतीय गोशाला सहयोग परिषद एवं लाडो अपनी बचत घर योजना महिला सहकारी समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में मातृ शक्ति जयपुर के आराध्य देव गोविंद देव जी महाराज का आशीर्वाद लेकर अयोध्या धाम रवाना होगी और प्रभु श्रीराम के चरणों में विजय ध्वज अर्पित करेगी।

यात्रा का नेतृत्व मोनिका गुप्ता करेंगी। वे प्रदेश की महिलाओं की ओर से प्रभु श्रीराम को पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक विजय का धन्यवाद ज्ञापित करेंगी और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की प्रार्थना करेंगी।

महिलाएं जयपुर से भगवान गोविंद देव जी की विशाल छवि भी अपने साथ अयोध्या लेकर जाएंगी। अयोध्या में रामलला के समक्ष गोविंद देव जी की पूजा-अर्चना की जाएगी। एक तरह से यह द्वापर और त्रेता युग के मिलन का दृश्य होगा।

गोशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि यात्रा हर घर राम हर मन गौ सेवा हर नारी आत्मनिर्भर के संकल्प के साथ राष्ट्र में सांस्कृतिक एकता और सकारात्मक चेतना का संदेश देगी। डॉ. मोनिका शर्मा ने बताया कि जिस प्रकार द्वापर में भगवान श्रीकृष्ण और त्रेता में भगवान श्रीराम ने धर्म की स्थापना की, उसी भाव के साथ यह यात्रा सनातन एकता का संदेश देगी।

यात्रा 15 मई को सुबह 8 बजे पिंजरापोल गौशाला से रवाना होगी। इससे पूर्व महिलाएं गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन कर ठाकुर जी का आशीर्वाद लेंगी। यात्रा के दौरान दौसा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन, भजन-कीर्तन और सत्संग कार्यक्रम होंगे।

16 मई को अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन सहित प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए जाएंगे। श्रद्धालु महिलाएं भगवान श्रीराम से देश में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की भावपूर्ण प्रार्थना भी करेंगी। इस दौरान सरयू आरती, गौसेवा, संत आशीर्वाद एवं महिला जागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

17 मई को महिलाएं प्रयागराज संगम एवं गोवर्धन महाराज के दर्शन कर जयपुर लौटेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story