चूल्हा-चौका छोड़ मतदान केंद्र पहुंचीं महिलाएं

WhatsApp Channel Join Now
चूल्हा-चौका छोड़ मतदान केंद्र पहुंचीं महिलाएं


घूंघट की ओट से निकला वोट का जज्बा, अपनी बारी का इंतजार करती दिखीं महिला मतदाता

अजमेर, 9 सितम्बर (हि.स.)। नगरपालिका आम चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के अलग-अलग रंग देखने को मिले। घर-गृहस्थी और चूल्हा-चौका संभालने वाली महिलाएं भी अपने जरूरी काम छोड़कर मतदान केंद्रों तक पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कई मतदान केंद्रों पर महिलाएं कतार में अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। ग्रामीण और पारंपरिक परिवेश की महिलाओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। घूंघट की ओट में पहुंचीं महिलाओं ने भी बिना किसी संकोच के लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाई।

मतदान केंद्रों पर महिलाओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती में महिला मतदाताओं की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

मसूदा नगर निकाय चुनाव में मतदान शुरू होते ही वार्ड नंबर 9 का मतदान केंद्र अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में आ गया। सुबह करीब 7 बजे ईवीएम मशीन में खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। मशीन में लगातार तकनीकी समस्या की शिकायत के बाद मतदाताओं में नाराजगी दिखाई दी। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मशीन दुरुस्त कराने अथवा दूसरी ईवीएम उपलब्ध कराने की मांग की।

इसी दौरान मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंची एक महिला मतदाता की अचानक तबीयत खराब हो गई। महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उसे दोबारा मतदान केंद्र लाया गया, जहां उसने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान केंद्र पर इसके बाद एक और विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि एक मतदाता को मतदान किए बिना ही बूथ से बाहर कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान एजेंट से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी लेने का प्रयास किया।

हालांकि, आरोप है कि बूथ अधिकारी ने विधायक को मतदान प्रक्रिया को लेकर बातचीत करने की अनुमति नहीं दी। इस घटनाक्रम को लेकर मौके पर मौजूद मतदाताओं में नाराजगी देखने को मिली।

मतदान केंद्र पर कुछ मतदाताओं ने अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश को लेकर भी आपत्ति जताई। लोगों का कहना था कि मतदान केंद्र पर व्यवस्था और नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि किसी भी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।

लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ईवीएम खराबी, मतदाता को मतदान से वंचित किए जाने के आरोप तथा बूथ की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story