मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना : महिलाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना : महिलाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर


महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल

जोधपुर, 09 अपै्रल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को नया उद्यम स्थापित करने, मौजूदा व्यवसाय के विस्तार, विविधीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए बैंकों के माध्यम से अनुदानयुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना तथा रोजगार के नए अवसरों का सृजन करना है। योजना के अंतर्गत व्यक्तिगत महिला आवेदकों के साथ-साथ महिला स्वयं सहायता समूह, उनके क्लस्टर, फेडरेशन, महिला स्वामित्व वाली फर्म, पार्टनरशिप, एलएलपी एवं कंपनियां भी पात्र होंगी। योजना के तहत विनिर्माण, सेवा एवं व्यापार आधारित उद्यमों के लिए अधिकतम एक करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा सकेगा। व्यक्तिगत महिला आवेदकों के लिए अधिकतम 50 लाख रुपये तथा स्वयं सहायता समूहों के क्लस्टर एवं फेडरेशन के लिए एक करोड़ रुपये तक ऋण की व्यवस्था की गई है।

योजना के अंतर्गत कुल परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विधवा, परित्यक्ता, दिव्यांग एवं हिंसा से पीडि़त महिलाओं के लिए यह अनुदान 30 प्रतिशत तक निर्धारित किया गया है। अनुदान की अधिकतम सीमा 15 लाख रुपये तय की गई है। दस लाख रुपये तक के ऋण पर सामान्यत: कोलेट्रल सिक्योरिटी की आवश्यकता नहीं होगी। ऋण राशि का उपयोग मशीनरी, उपकरण, कार्यशील पूंजी, भवन निर्माण, फर्नीचर एवं कच्चे माल आदि के लिए किया जा सकेगा।

योजना का लाभ लेने के लिए महिला आवेदक की आयु न्यूनतम 18 वर्ष होना आवश्यक है तथा वह राजस्थान की मूल निवासी होनी चाहिए। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी तथा जिला स्तरीय महिला अधिकारिता कार्यालयों के जरिए योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। पात्र आवेदनों को बैंकों के माध्यम से स्वीकृत कर ऋण वितरण किया जाएगा। योजना के अंतर्गत उद्यम स्थापना के पश्चात महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं नियमित मॉनिटरिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने व्यवसाय का सफल संचालन कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story