महिलाओं के अधिकारों में बाधा बनी कांग्रेस: राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं के अधिकारों में बाधा बनी कांग्रेस: राठौड़


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शाहबानो प्रकरण जैसे मामलों में कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को निष्प्रभावी बनाकर महिलाओं के साथ अन्याय किया और उन्हें न्याय से वंचित किया।

राठौड़ ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और अब वे “साइलेंट वोटर” नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने वाली शक्ति हैं। ऐसे में उन्हें विधानसभा और लोकसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हमेशा ठोस कदम उठाए हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति भैंरो सिंह शेखावत द्वारा पंचायतों और निकायों में महिलाओं को आरक्षण देना इसका उदाहरण है। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी सहित कई नेताओं ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के प्रयास किए।

राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को आशंका है कि महिलाओं को अधिक अधिकार मिलने से उसका पारंपरिक वोट बैंक कमजोर हो सकता है, इसलिए वह महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों पर स्पष्ट समर्थन से बचती रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी दल महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को प्राथमिकता दें और उनके सशक्तीकरण के लिए एकजुट होकर कार्य करें।

उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और अपने अधिकारों व सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगी। जो भी उनके अधिकारों में बाधा बनेगा, उसे जनता उचित जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story