दो मासूम बच्चों के साथ टांके में कूदी महिला, तीनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो मासूम बच्चों के साथ टांके में कूदी महिला, तीनों की मौत


बाड़मेर, 28 जुलाई (हि.स.)। बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र के दुदवा गांव में मंगलवार अलसुबह एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ घर के पास स्थित पानी के टांके में कूद गई। घटना में महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तैराकों की मदद से तीनों के शव टांके से बाहर निकलवाकर बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

मृतकों की पहचान मुली देवी (25) पत्नी हनुमान प्रजापत, उसके दो वर्षीय बेटे रविंद्र और दो माह के बेटे नारायण के रूप में हुई है। पचपदरा थाने के उपनिरीक्षक अमराराम ने बताया कि घटना 28 जुलाई की अलसुबह की है। महिला अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकली और घर के समीप स्थित टांके में कूद गई।

सुबह परिजन जागे तो महिला और दोनों बच्चे घर में नहीं मिले। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इस दौरान टांके के पास महिला की चप्पल दिखाई दी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तैराकों की मदद से टांके में तलाश कर तीनों के शव बाहर निकलवाए।

पुलिस के अनुसार मुली देवी की शादी करीब चार वर्ष पहले हनुमानाराम प्रजापत के साथ हुई थी। परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। दंपती के दो बच्चे थे। बड़ा बेटा रविंद्र दो वर्ष का था, जबकि छोटा बेटा नारायण महज दो माह का था।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के पीहर पक्ष को दे दी है। पीहर पक्ष के बालोतरा पहुंचने के बाद उनके बयान और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story