एसआरके में रोबोटिक सर्जरी से 47 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन

WhatsApp Channel Join Now
एसआरके में रोबोटिक सर्जरी से 47 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। लाल कोठी स्थित एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में रोबोटिक पार्शियल नेफ्रेक्टमी कर चिकित्सकों ने 47 वर्षीय महिला को गंभीर बीमारी से बचाकर नया जीवन दिया है। महिला को पिछले कुछ महीनों से पेट में दर्द, पेशाब में खून आना और वजन कम होने की शिकायत थी। जांच में दाएं किडनी के ऊपर 7 सेंटीमीटर का बड़ा ट्यूमर पाया गया जो किडनी के अंदर तक फैल चुका था। यदि समय पर इलाज नहीं होता तो ट्यूमर के कारण किडनी फेल्योर, तेज दर्द, लगातार ब्लीडिंग और कैंसर के शरीर में फैलने का खतरा था। मरीज की उम्र और ट्यूमर की स्थिति को देखते हुए सीनियर यूरोलॉजिस्ट डॉ. राकेश शर्मा ने रोबोटिक सर्जरी का निर्णय लिया। डॉ. शर्मा ने बताया कि रोबोटिक पार्शियल नेफ्रेक्टमी में पूरी किडनी नहीं हटाई जाती। सिर्फ ट्यूमर वाला हिस्सा निकाला जाता है, जिससे किडनी का शेष हिस्सा सामान्य काम करता रहता है। इससे भविष्य में डायलिस का जोखिम भी कम हो जाता है।

छोटे चीरे, कम खून की हानि और तेज रिकवरी इस तकनीक की खासियत है। सर्जरी सफल रही और महिला दो दिन बाद ही डिस्चार्ज कर दी गई। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। हॉस्पिटल निदेशक ने कहा कि रोबोटिक तकनीक से जटिल यूरोलॉजी केस में भी मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story