मेडिकल कॉलेज में महिला की देह दान

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज में महिला की देह दान


जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में इस साल का दसवां देहदान किया गया। करीब 72 साल की महिला सरोज चौहान के निधन के बाद परिजनों ने उनकी देह शोध कार्यों के लिए मेडिकल कॉलेज को दान की है।

उनका 23 जून को निधन हो गया था। इसके बाद 24 जून को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ दिवंगत का पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए संबंधित मेडिकल संस्थान को सौंप दिया गया।

इस अवसर पर उनके पति सुरेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि उनकी पत्नी ने काफी समय पहले में ही जीवनकाल में देहदान का संकल्प लिया था। उनकी इसी इच्छा को पूरा करते हुए उनके दोनों बेटे विशाल, अनुराग, और दोनों बहू पूनम और बीना ने उनकी मृत देह डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को सुपुर्द की।

उन्होंने कहा कि देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन एवं शोध कार्य में सहायता मिलेगी। कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की प्रोफेसर डॉक्टर सुषमा कटारिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में अब तक 263 देहदान हो चुके हैं। ये इस साल का 10वां देहदान है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story