उत्तरी हवाओं से राजस्थान में बढ़ेगी सर्दी, तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरी हवाओं से राजस्थान में बढ़ेगी सर्दी, तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी तीन-चार दिनों में सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। सोमवार को प्रदेश के 16 शहरों का दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि जालौर को छोड़कर सभी शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा।

प्रदेश में रात की सर्दी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में सबसे कम 12.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा अलवर, पिलानी, सीकर, श्रीगंगानगर, वनस्थली, करौली और माउंट आबू में भी रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। दिन के तापमान की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि रात में जालौर 20.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तरी हवाओं के आंशिक प्रभाव से आगामी तीन-चार दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश में सर्दी बढ़ेगी, हालांकि कड़ाके की सर्दी का दौर अभी दूर है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story