श्वेत जरी-गोटे की पोशाक में सजे ठाकुरजी: खीर का विशेष भोग लगाया

WhatsApp Channel Join Now
श्वेत जरी-गोटे की पोशाक में सजे ठाकुरजी: खीर का विशेष भोग लगाया


जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में रविवार को शरद पूर्णिमा का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया और श्वेत जरी-गोटे की पोशाक धारण कराई गई। मंदिर में दिनभर विशेष धार्मिक अनुष्ठान और झांकियों के दर्शन हुए।

मंगला झांकी के पश्चात ठाकुरजी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्वेत पार्चा जामा पोशाक, पुष्पों और विशेष अलंकारों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को पूर्णिमा का विशेष मुकुट भी धारण कराया गया।

मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार संध्या झांकी के बाद गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में शरद उत्सव की विशेष झांकी सजाई गई। रात्रि 7:15 से 7:30 बजे तक श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के विशेष दर्शन किए। इस दौरान शरद की खाट सजाई गई, जिसमें चौसर और शतरंज की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। ठाकुरजी को माला, पान और इत्र की विशेष सेवा अर्पित की गई।

शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर ठाकुरजी को खीर का विशेष भोग लगाया गया। उत्सव के दौरान मंदिर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story