एमएसपी पर गेहूं खरीद शुरू: 2 हजार 735 प्रति क्विंटल मिलेगा भाव

WhatsApp Channel Join Now
एमएसपी पर गेहूं खरीद शुरू: 2 हजार 735 प्रति क्विंटल मिलेगा भाव


जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की ओर से पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार से समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद शुरू कर दी गई है। सांडेराव, तख्तगढ़ और सुमेरपुर में स्थापित खरीद केंद्रों का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

मंत्री कुमावत ने बताया कि इस वर्ष किसानों को गेहूं पर 2 हजार 735 प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा, जिसमें केंद्र सरकार का एमएसपी 2 हजार 585 और राज्य सरकार का 150 प्रति क्विंटल बोनस शामिल है। उन्होंने बताया कि सांडेराव में पहली बार एफसीआई द्वारा खरीद केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि तख्तगढ़ में लगातार दूसरे वर्ष खरीद की जा रही है।

रामबा फार्म सांडेराव और तख्तगढ़ की सिंचाई कॉलोनी स्थित केंद्रों सहित तीनों केंद्रों पर 5-5 हजार बारदान उपलब्ध कराए गए हैं। इन केंद्रों पर 30 जून 2026 तक गेहूं की खरीद की जाएगी। किसानों के लिए राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित है।

मंत्री कुमावत ने खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सांडेराव केंद्र को आगामी वर्षों में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की किसान एवं पशुपालक हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story