पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ओले

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ओले


पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ओले


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जयपुर, बीकानेर और चूरू सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में तेज धूलभरी आंधी चली। धूल के गुबार और घने बादलों के कारण कई स्थानों पर दिन में ही अंधेरा छा गया।

मौसम में आए इस बदलाव का असर रात के तापमान पर भी पड़ा और शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। सीकर के लोसल में सबसे अधिक 47 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा नागौर, जयपुर, दौसा, अलवर, सवाई माधोपुर और टोंक सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हुई। जयपुर में बारिश के बाद आसमान में इंद्रधनुष भी नजर आया।

सुबह पाकिस्तान की ओर से आए तेज अंधड़ का असर पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में दिखाई दिया।

श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ और चूरू में पहले धूलभरी आंधी चली और बाद में बारिश शुरू हो गई। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से दिन के तापमान में भी गिरावट आ गई।

प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस फलोदी में मापा गया। जैसलमेर में 36.3, बाड़मेर में 35.6, पिलानी में 35.7, जोधपुर में 35.3, चित्तौड़गढ़ में 35.2 और श्रीगंगानगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान सामान्य से नीचे रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभावना है। धूप निकलने के साथ अगले दो से तीन दिनों में तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान जताया है। पश्चिमी जिलों में प्रतिचक्रवात बनने के कारण तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है और गर्मी का असर दोबारा बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story