पश्चिमी विक्षोभ का असर, 10-11 अक्टूबर को छह जिलों में बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ का असर, 10-11 अक्टूबर को छह जिलों में बारिश के आसार


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार दिन मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 10-11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में मेघगर्जन के साथ तेज हवाओं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 10-11 अक्टूबर को संबंधित जिलों में मौसम बदल सकता है। 13-14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस बीच प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को ज्यादातर शहरों के तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। पिलानी 39.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि फलौदी में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story