वैदिक मंत्रों के बीच किया भारतीय नववर्ष का स्वागत
जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। नववर्ष महोत्सव समिति की तरफ से शहर में हिंदू नववर्ष संवत 2083 को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। नववर्ष पर गुरुवार को भोर के साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, उद्यानों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आमजन को तिलक लगाकर उनका अभिनन्दन किया गया और नववर्ष की बधाई दी। इसके साथ ही दिनभर कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। शहर के अधिकांश इलाकों में वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई दी।
नववर्ष महोत्सव समिति के अध्यक्ष नरपत सांखला व महासचिव वरुण धनाडिया ने बताया कि नवरात्रा व नववर्ष के प्रारंभ पर नववर्ष महोत्सव समिति के तत्वावधान में शहर के प्रमुख चौराहों पर आमजन को तिलक लगाकर उनका अभिनन्दन किया गया और नववर्ष की बधाई दी। इसके साथ ही कई जगहों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इससे पूर्व भोर खिलने से पहले मंगला आरती से हिंदू नववर्ष का स्वागत किया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों व गुरुद्वारों में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को नववर्ष की शुभकानाएं प्रेषित की गई। नववर्ष महोत्सव समिति तथा अनेक संगठनों द्वारा सूर्यनगरी के चौराहों, मन्दिरों एवं सार्वजनिक पार्कों में आने वाले लोगों का तिलक लगाकर मुंह मीठा कराकर हिन्दू नववर्ष की शुभकामना दी गई एवं विभिन्न समाजों व मौहल्ला विकास समितियों द्वारा सामूहिक हवन, प्रभात फेरी व मन्दिरों में दीपोत्सव किया गया।
वहीं नव वर्ष के शुभ अवसर पर भाजपा चौपासनी मंडल द्वारा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्ष हेमंत जानियानी के नेतृत्व में पहला पुलिया पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने भाग लेकर एक-दूसरे को तिलक एवं मौली बांधकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

