पेड़ से लटका मिला सप्ताहभर पुराना शव, पहचान में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ से लटका मिला सप्ताहभर पुराना शव, पहचान में जुटी पुलिस


पाली, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के रोहट थाना क्षेत्र के बांडाई गांव के निकट एक खेत में पेड़ से लटका एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में शव करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई गई है।

रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि बांडाई गांव के पास ढलाराम सुथार के खेत में एक पेड़ से शव लटका होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान सामने आया कि शव काफी पुराना हो चुका था। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण हाथ-पैर के पंजों को जंगली जानवरों द्वारा नोचने के निशान भी मिले।

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और विसरा के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि पहचान होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story