चार महीने बाद शुरू हुआ विवाह सीजन: जयपुर में 4 हजार से अधिक शादियों की तैयारी, वेडिंग कारोबार में उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
चार महीने बाद शुरू हुआ विवाह सीजन: जयपुर में 4 हजार से अधिक शादियों की तैयारी, वेडिंग कारोबार में उत्साह


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने के साथ ही देवउठनी एकादशी पर मांगलिक कार्यों और विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो गया है। 20 नवंबर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं, जबकि उदयातिथि के अनुसार शनिवार 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत और पूजन किया जाएगा। शहर के मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं, लंबे इंतजार के बाद विवाह सीजन शुरू होने से जयपुर के मैरिज गार्डन, होटल, रिसॉर्ट और वेडिंग कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में उत्साह है।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर सुबह 7:15 बजे से शुरू हुई जो 21 नवंबर सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, इसलिए विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने से रुके मांगलिक कार्य दोबारा शुरू हो जाते हैं। इस बार एकादशी भीष्म पंचक में होने से इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है।

गोविंद देवजी मंदिर में विशेष पूजन, होगा तुलसी विवाह

देवउठनी एकादशी पर शनिवार को शहर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। गोविंद देवजी मंदिर में सुबह 6:15 बजे विशेष पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर दर्शन व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। मंदिर में वृन्दा रानी यानी तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम का विवाह महोत्सव भी आयोजित होगा। हिंदू परंपरा में देवउठनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व है। इस बार एकादशी की शाम भद्रा होने के कारण भद्रा समाप्त होने के बाद 21 नवंबर को उदयातिथि में तुलसी विवाह कराया जाएगा।

नवंबर-दिसंबर में विवाह के 14 शुभ मुहूर्त

इस बार नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 14 शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में 21, 25 और 26 नवंबर को विवाह होंगे। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 10, 11, 12, 13 और 14 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। जयपुर में इस वेडिंग सीजन में चार हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है।

डेस्टिनेशन वेडिंग से एक हजार करोड़ के कारोबार की उम्मीद

राजस्थान में जयपुर, उदयपुर और पुष्कर डेस्टिनेशन वेडिंग के प्रमुख केंद्र बन रहे हैं। ऑल वेडिंग इंडस्ट्री फेडरेशन राजस्थान के महामंत्री भवानी शंकर माली के अनुसार इन शहरों में डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन सालाना करीब 25 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। नवंबर से मार्च तक चलने वाले पांच महीने के वेडिंग सीजन में डेस्टिनेशन वेडिंग से करीब एक हजार करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। प्रदेश में होने वाली डेस्टिनेशन वेडिंग में जयपुर की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत और उदयपुर की करीब 25 प्रतिशत है। इस सीजन में प्रदेश में 500 से अधिक छोटी-बड़ी डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित होने की तैयारी है।

वेडिंग हब के रूप में उभर रहा जयपुर

डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन बढ़ने के साथ जयपुर में विवाह स्थलों का स्वरूप भी बदल रहा है। ऐतिहासिक महलों और हवेलियों के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त मैरिज वेन्यू लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। थीम आधारित सजावट, आकर्षक रोशनी, विशेष खानपान, फोटोग्राफी और आयोजन प्रबंधन के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

भवानी शंकर माली के अनुसार जयपुर के विवाह स्थल नए वेडिंग सीजन के लिए सजकर तैयार हैं। इस कारोबार से मैरिज गार्डन, होटल, खानपान, फूल सजावट, रोशनी, फोटोग्राफी और आयोजन प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों को रोजगार और व्यापार के अवसर मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story