राजस्थान में मई की शुरुआत राहतभरी, पहले पखवाड़े में आंधी-बारिश से गर्मी रहेगी कंट्रोल में

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मई की शुरुआत राहतभरी, पहले पखवाड़े में आंधी-बारिश से गर्मी रहेगी कंट्रोल में


राजस्थान में मई की शुरुआत राहतभरी, पहले पखवाड़े में आंधी-बारिश से गर्मी रहेगी कंट्रोल में


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। राजस्थान में मई की शुरुआत भीषण गर्मी के बजाय राहतभरे मौसम के साथ होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पहले दो सप्ताह तक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का असर बना रहेगा, जिससे कई जिलों में आंधी, बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस होगी, लेकिन शाम के समय मौसम बदलने से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने दो मई को प्रदेश के 19 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है, जो चार मई तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, बादल गरजने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। कई स्थानों पर तेज आंधी चली, हल्की बारिश हुई और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। जयपुर सहित कई शहरों में शाम के समय बादल छाने और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई।

गुरुवार को दिन में बीकानेर, चूरू, फलोदी और पिलानी में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया।

वहीं बाड़मेर और जैसलमेर प्रदेश के सबसे गर्म जिले रहे, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार आगामी 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और हीटवेव जैसी परिस्थितियों से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग का आकलन है कि प्रदेशवासियों के लिए मई का पहला पखवाड़ा गर्मी से आंशिक राहत लेकर आ सकता है। हालांकि दिन में धूप और गर्मी बनी रहेगी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम के समय मौसम राहत देगा। मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं और संभावित बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story