प्रदेश में एक सप्ताह शुष्क रहेगा मौसम, बारिश की गतिविधियों में रहेगी कमी
जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में अब बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। आगामी एक सप्ताह प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मानसून के कमजोर पडऩे से प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को प्रदेश के 6 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश श्रीगंगानगर के सादुलशहर में 28 मिमी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश की गतिविधियों में कमी आने से प्रदेश के शहरों के पारे में उछाल आने लगा है। प्रदेश के अधिकांश शहरों के 2 से 4 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया। शुक्रवार को डूंगरपुर, जालोर, चूरू, धौलपुर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि श्रीगंगानगर को छोड़कर बाकी शहरों का पारा 40 डिग्री से नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में शुक्रवार से ही बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिली। हालांकि उत्तरी व पूर्वी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई, शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने व केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज हो सकती है।
जयपुर में शुक्रवार को धूप खिली और मध्यम गति की हवाएं चली। जयपुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.5 और न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी समय में जयपुर में भी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

