पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बदलेगा मौसम

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बदलेगा मौसम


पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बदलेगा मौसम


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में नवंबर का पहला पखवाड़ा पूरा होने से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। 14 और 15 नवंबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके चलते बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने लगेगा और तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में नवंबर के मध्य में भी दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। बुधवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चित्तौड़गढ़ में 36.2, जैसलमेर में 35.2, जोधपुर में 35.1, पाली में 34.8 और बीकानेर में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

एक तरफ जहां रेगिस्तानी और पश्चिमी जिलों में दिन के समय तेज गर्मी बनी हुई है, वहीं शेखावाटी क्षेत्र में रातें सर्द होने लगी हैं।

सीकर, फतेहपुर, चूरू और पिलानी में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। बुधवार रात फतेहपुर में 10.8 और सीकर में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया। इससे इन इलाकों में रात के समय सर्दी का असर बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है। इस दौरान कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी हो सकती है। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को सक्रिय होने वाले हल्के पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा।

इस सिस्टम के प्रभाव से बीकानेर संभाग के चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर के अलावा फलोदी तथा आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 16 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद प्रदेश में मौसम फिर साफ होने लगेगा। इसके साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। रात के तापमान में कमी आने से प्रदेश के कई शहरों में सर्दी और तेज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775620 Articles

Share this story