राजस्थान में आज से बदल सकता है मौसम, 27 को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में आज से बदल सकता है मौसम, 27 को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट


राजस्थान में आज से बदल सकता है मौसम, 27 को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट


जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तंत्र ‘अर्नब’ का असर अब राजस्थान के मौसम पर दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर तक चक्रवाती तंत्र के साथ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय रह सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बादल छाने की स्थिति बन सकती है। खास तौर पर जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 27 सितंबर को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के साथ पश्चिमी राजस्थान में भी तापमान में गिरावट मापी गई। इसके बावजूद पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बरकरार है और कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

शुक्रवार को अलवर, भरतपुर, धौलपुर और करौली क्षेत्र में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ गई।

अलवर में अधिकतम तापमान करीब 5 डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पूर्वी राजस्थान में मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई दिए हैं।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में अजमेर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री, भीलवाड़ा 35 डिग्री, चूरू 37.4 डिग्री, करौली 28.9 डिग्री, प्रतापगढ़ 32.7 डिग्री, टोंक 32.7 डिग्री, सीकर 35.2 डिग्री, कोटा 32.3 डिग्री और श्रीगंगानगर में 37.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम तंत्र के सक्रिय होने के साथ अगले कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में और बदलाव आने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में बारिश होने पर गर्मी से राहत मिल सकती है, जबकि पश्चिमी जिलों में फिलहाल गर्मी का असर बना रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story