पारा गिरा, लेकिन नहीं मिली गर्मी से राहत, चित्तौडग़ढ़ 46.3
जयपुर, 19 मई (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। हालांकि मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा। गर्म हवाओं के थपेड़ों से आमजन को घर में दुबके रहने को मजबूर किया। प्रदेश के 9 शहरों का दिन का पारा 44 और 5 शहरों का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 46.3 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 34.1 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने व पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों व दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार चित्तौडग़ढ़ के अलावा अलवर, पिलानी, श्रीगंगानगर, दौसा, चूरू, फलौदी, करौली और कोटा का अधिकतम तापमान 44 और संगरिया के अलावा फलौदी, चित्तौडग़ढ़, कोटा और जयपुर का रात का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में दिन के तापमान में 3 और रात के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने व पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों व दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हीट वेव दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया। राज्य के पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भागों में आगामी 4-5 दिन तेज धूलभरी सतही हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटा चलने की प्रबल संभावना है।
जयपुर के दिन के तापमान में गिरावट तो वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन सब के बीच जयपुर में गर्मी का कहर जारी रहा और लू के थपेड़ों से आमजन के साथ पशु-पक्षी बेहाल नजर आए। आगामी समय में भी जयपुर में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

